धानी ढाला, फरेंदा कस्बे के आंबेडकर तिराहा, मिल गेट समेत कई स्थानों पर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत हुआ। आंबेडकर तिराहे पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पहुंच कर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। स्वागत के दौरान सांसद पंकज चौधरी, विधायक बजरंग बहादुर सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश जायसवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण शुक्ला, पूर्व विधायक चौधरी शिवेंद्र सिंह आदि ने स्वागत किया।
पूर्व जिला उपाध्यक्ष की पार्टी में वापसी
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह को बीते विधान सभा चुनाव के दौरान पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। शनिवार को पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उन्हें पार्टी में शामिल करने की सहमति दी। संतोष सिंह को पुन: पार्टी में शामिल कर उनका स्वागत किया गया। यह जानकारी जिलाध्यक्ष परदेशी रविदास ने दी। वहीं सिसवा विधान सभा के वरिष्ठ नेता अजय कुमार श्रीवास्तव ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता अनुशासित सिपाही है।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान जेब कतरे रहे सक्रिय
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के कस्बे में आंबेडकर तिराहे पर स्वागत कार्यक्रम के दौरान जुटी भीड़ के बीच जेबकतरों ने करीब आधा दर्जन कार्यकर्ताओं व अन्य लोगों की जेब काट ली। कार्यक्रम समाप्त होने पर लोगों को जानकारी हुई तो दंग रह गए। लोग एक-दूसरे के मुंह देखने लगे। लोगों ने इस बात की शिकायत पुलिस से करते हुए कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश उपाध्याय ने बताया कि शिकायत मिली है। कुछ लोगों को चिन्हित भी किया गया। कार्रवाई की जाएगी।