गोरखपुर से भाजपा राज्यसभा सांसद जय प्रकाश निषाद के छोटे भाई जितेंद्र निषाद ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी का हाथ थाम लिया है। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में उनके अलावा गोरखपुर बार एसोसिएशन के पूर्व संयुक्त मंत्री अधिवक्ता सुशील चंद्र साहनी, महाराजगंज जिले की फरेंदा विधानसभा से पूर्व बसपा प्रत्याशी बेचन निषाद ने भी सपा की सदस्यता ग्रहण की है। पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने पर सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी सहित पार्टी के नेताओं ने सभी का स्वागत करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है।