क्षेत्र के माधोपुर गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय पर बनाए गए क्वारंटीन सेंटर पर रह रहे कुछ लोगों को मंगलवार की शाम एक भाजपा नेता ने पीट कर घायल कर दिया। पीड़ित सेंटर छोड़कर घर चले गए और अपने परिवार में रह रहे हैं।
निरंजनपुर निवासी सत्यव्रत पांडेय, इंद्रमणि पांडेय, रोहित पांडेय, गौरव पांडेय, धनंजय पांडेय का आरोप है कि वह लोग दिल्ली से सोमवार की शाम अपने घर पहुंचे तो रात में करीब 11 बजे पहुंची पुलिस उन्हें उनके घर से लाकर प्राथमिक विद्यालय माधोपुर पर बने क्वारंटीन केंद्र पर रखवा दिया। जहां वह लोग रह रहे थे। केंद्र पर कोई व्यवस्था नहीं थी।
मंगलवार की शाम भाजपा के मंडल अध्यक्ष पीएन सिंह अपने कई सहयोगियों के साथ प्राथमिक विद्यालय पर पहुंचे और बातचीत करने लगे। बातचीत के दौरान जब उनसे अव्यवस्था के बाबत पूछा गया तो वह बिफर गए और मारपीट पर आमादा हो गए। आरोप है कि वह व उनके साथी लाठी-डंडों से सभी लोगों को मारपीट कर घायल करके चले गए। जिसकी सूचना जरिए मोबाइल पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
उसके बाद पीड़ित अपने- अपने घर चले गए। दूसरी तरफ भाजपा के मंडल अध्यक्ष पीएन सिंह ने बताया कि माधोपुर प्राथमिक विद्यालय पर रह रहे लोग वहां पहुंचने पर अपशब्द कहें। जिससे मारपीट की नौबत आ गई। एसओ अखिलानंद उपाध्याय ने क्वारंटीन किए गए निरंजनपुर पहले आसानी से नहीं आ रहे थे।
उन्हें समझा बुझाकर माधापुर केंद्र पर लाकर रखवाया गया। जांच में बात सामने आई कि भाजपा नेता को लोग गाली गलौज दे रहे है,जिसकी सूचना भाजपा नेता वहां चले गए और वहां विवाद हो गया। अभी किसी तरफ से तहरीर नहीं मिली है। जो लोग केंद्र से बगैर सूचना गए है,उन्हें दूसरे केंद्र पर भेजा जाएगा।