- पशुपालन विभाग ने जांच के लिए आईवीआरआई, बरेली भेजे थे सैंपल
गोरखपुर। इंडियन वेटनेरी रिसर्च इंस्टीट्यूट, बरेली में दो बार में भेजे गए 1308 सैंपल की रिपोर्ट सोमवार को आ गई। सभी सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। शहर में मीट की पांच दुकानों पर बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि के बाद पशुपालन विभाग ने अलग-अलग स्थानों से सैंपल लेकर भेजे थे।
पशुपालन विभाग ने पिछले दिनों दो चरणों में 1000 और 308 मुर्गों में बर्ड फ्लू की जांच के लिए सैंपल आईवीआरआई बरेली भेजा था। सभी रिपोर्ट निगेटिव मिलने से विभाग के साथ ही पोल्ट्री फार्म संचालकों ने राहत की सांस ली है। इसके पहले भेजे 700 से अधिक सैंपल की रिपोर्ट भी निगेटिव मिली थी। 31 मई को चिड़ियाघर, झुंगिया बाजार, एल्युमिनियम फैक्ट्री, तारामंडल और भगत चौराहा एरिया में मुर्गा के दुकानों पर लिए गए सैंपल में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद डीएम ने 20 जून तक के लिए 10 किलोमीटर के सर्विलांस एरिया में बिक्री पर रोक लगा दी थी।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धमेंद्र पांडेय ने बताया कि पिछले 23 दिन में सभी सैंपल की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। मुर्गों की बिक्री से प्रतिबंध हटाने को लेकर कुछ औपचारिकता है। जिसे पूरा कर दोबारा बिक्री का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।