कुशीनगर में टॉफी का लालच देकर दिनदहाड़े तीन बच्चियों का अपहरण कर लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने सभी जगह नाकाबंदी कराई। इसके बाद बदमाश बच्चियों को 17 किमी दूर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बच्चियों को सात घंटे बाद सकुशल बरामद किया।
कुशीनगर के कप्तानगंज थाना इलाके के देवकली उर्फ चकिया गांव से मंगलवार दोपहर टॉफी दिलाने का लाचल देकर एक बदमाश ने तीन बच्चियों का अपहरण कर लिया। घरवालों की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई।
विज्ञापन
इस पर आरोपी बच्चियों को 17 किमी दूर हाटा कोतवाली क्षेत्र के रामपुर पवटवा बाजार के पास छोड़ कर भाग गया। शाम करीब सात बजे बाजार में बच्चियों को रोता देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बच्चियों को सकुशल बरामद कर परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया। देर शाम तक कप्तानगंज थाने पर परिजनों की मौजूदगी में सीओ और महिला सिपाहियों ने बच्चियों से पूछताछ की, लेकिन वह कुछ बता नहीं पा रही थीं।
विज्ञापन
उधर, अपहर्ता की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जानकारी के अनुसार, देवकली उर्फ चकिया गांव निवासी सुदामा चौहान की सात वर्षीय बेटी जया और पांच वर्षीय जागृति गांव के ही पिंटू गुप्ता की सात वर्षीय मुस्कान के साथ दोपहर करीब 12 बजे खेलते हुए गांव के पूरब नहर की ओर चली गई।
वहां उनके दादा और दादी खेत में काम कर रहे थे। इसी बीच वे लापता हो गए। करीब एक घंटे बाद जब परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की तो वे परेशान हो गए। काफी तलाश के बाद किसी अनहोनी की आशंका में पुलिस को सूचना दी गई। इसी बीच सोशल मीडिया पर भी बच्चियों के अपहरण की खबर चलने लगी।
पुलिस ने जगह-जगह शुरू की वाहनों की चेकिंग
जानकारी पर एएसपी निवेश कटियार और सीओ कुंदन सिंह तक भी पहुंची, तो वे भी मौके पर पहुंच गए। वायरलेस पर सभी थानों को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने जगह-जगह वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
इसी बीच शाम करीब सात बजे हाटा कोतवाली क्षेत्र के रामपुर पवटवा बाजार के पास तीन बच्चियों को लोगों ने सड़क के किनारे रोते हुए देखा। सोशल मीडिया पर बच्चियों के अपहरण की खबर चल ही रही थी। इस संदेह में लोगों ने पुलिस को सूचना दी। हाटा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बच्चियों को अपने साथ ले गई। बाद में कप्तानगंज पुलिस के हवाले कर दिया।
तीनों बच्चियों को सड़क किनारे उतार गया था युवक
आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि शाम करीब साढ़े छह बजे बाइक सवार एक युवक तीनों बच्चियों को यहां पर उतार कर गया है। उसने हेलमेट था, इसलिए चेहरा नहीं दिखा।
पुलिस की पूछताछ में बच्चियों ने बताया कि चाचा आए और बोले -‘चलअ तहन लोग के टॉफी खरीद दीं और मोटर साइकिल पर बैठा लिहने।’ इसके बाद बच्चियां कुछ नहीं बता पा रही हैं। पुलिस अपहरणकर्ता की पहचान के लिए चकिया से हाटा जाने वाले रूटों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। हालांकि पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि अपहृत बच्चियां मिल गई हैं। घरवालों की तहरीर पर अपहरणकर्ता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहा है। बच्चियों को सकुशल घरवालों के सुपुर्द कर दिया गया है।