- ब्रह्मसारी गांव के समीप हुआ हादसा, गाजियाबाद का रहने वाला था युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
बेलघाट। थाना क्षेत्र के लिंक एक्सप्रेस-वे पर ब्रह्मसारी गांव के समीप सोमवार शाम लगभग 7.30 बजे बुलेट सवार एक व्यक्ति की नीलगाय से टकराकर मौत हो गई। मृतक की पहचान राजू गुप्ता पुत्र मुन्ना गुप्ता, निवासी जिला गाजियाबाद के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार राजू गुप्ता जिला बस्ती में एक शादी समारोह में आए हुए थे। वह बुलेट से गोरखपुर की ओर आ रहे थे। ब्रह्मसारी गांव के समीप लिंक एक्सप्रेस-वे पर सड़क पर मृत पड़ी नीलगाय से टकराने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलघाट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उसकी जेब में मिले आधार कार्ड से हुई। सूचना पाकर उनका भाई अस्पताल के लिए रवाना हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इसी मार्ग पर खजनी थाना क्षेत्र के रुद्रपुर निवासी एक अन्य व्यक्ति की भी मृत पड़ी नीलगाय से टक्कर हो गई थी। हालांकि, उन्हें केवल हल्की चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद वह अपने घर चले गए।