सहजनवां इलाके में हुई घटना, घायल को भर्ती कराया गया
सहजनवां। बाइक से सहजनवां कस्बा स्थित घर लौट रहे दंपती को खजनी थाना क्षेत्र के मंझरिया चौराहे के पास मंगलवार शाम अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दिया। हादसे में पति की मौके पर मौत हो गई, जबकि पत्नी घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
सहजनवां नगर पंचायत के केशोपुर वार्ड नंबर चार निवासी राजन गुप्ता उर्फ गुड्डू (30) की पत्नी पिंकी अपने बहन के घर गई थीं। शाम को बाइक से राजन पत्नी को लाने गए थे। बाइक पर पत्नी को बैठाकर सहजनवां के केशोपुर लौट रहे थे कि खजनी थाना क्षेत्र के मंझरिया चौराहे के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में ठोकर मार दी। राजन की मौके पर मौत हो गई। पत्नी पिंकी घायल हो गईं। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला।
राजन की दो साल पहले शादी हुई थी। अभी बच्चे नहीं थे। तीन भाइयों में वह बड़े थे। तहसील रोड पर दुकान चलाकर परिवार का पालन पोषण करते थे। मौत की सूचना के बाद घर में कोहराम मच गया है। थाना प्रभारी महेश चौबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।