आठ व नौ मंजिला इमारतों में 100 फ्लैट उपलब्ध होंगे
कम्युनिटी सेंटर व हरित पट्टिका भी विकसित की जाएगी
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। रेलकर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे गोरखपुर में दो बहु मंजिली इमारतों का निर्माण कराने जा रहा है। आठ और नौ मंजिली इन इमारतों में कुल 100 फ्लैट उपलब्ध होंगे। कर्मचारियों के लिए एक कम्युनिटी सेंटर का भी निर्माण होगा। नए परिसर में ग्रीन बेल्ट भी विकसित किया जाएगा। यह गोरखपुर में रेलवे की पहली बहु मंजिली इमारतें होंगी। बृहस्पतिवार को जीएम ने इनका भूमि पूजन किया।
रेलवे की बौलिया कॉलोनी में रेलकर्मियों के पुराने आवास जर्जर हो गए हैं। इन आवासों की जगह पर अब रेलवे ने गोरखपुर में भी बहु मंजिली इमारतों की शुरुआत की है। जीएम चंद्रवीर रमण ने बताया कि टाइप-थ्री आवास उपलब्ध कराने के लिए रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) को निर्माण का जिम्मा सौंपा गया है।
इस परियोजना की कुल लागत लगभग 31 करोड़ रुपये है। भूमि पूजन के बाद अब इसका निर्माण भी शुरू हो जाएगा। इस दौरान अपर महाप्रबंधक दिनेश कुमार सिंह, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक संजय मिश्र, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर संजय सिंघल, प्रमुख वित्त सलाहकार संजीव जैन, रेल भूमि विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष वेद प्रकाश डुडेजा, सदस्य/राजस्व (आरएलडीए) पीके अग्रवाल, मुख्य परियोजना प्रबंधक लखनऊ (आरएलडीए) सुधीर कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।