एम्स की ओपीडी में हर दिन आ रहे परफ्यूम लगाने के बाद सिर दर्द से परेशान मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। गुड फीलिंग के लिए परफ्यूम का उपयोग कभी-कभार तो ठीक है, लेकिन इसकी आदत से आप सिर में दर्द की बीमारी के शिकार हो सकते हैं। एम्स की ओपीडी में हर दिन 25 फीसदी मामले ऐसे आ रहे हैं, जिनमें मरीज परफ्यूम लगाने के बाद सिर में तेज दर्द और कभी कभी इसके चलते उल्टी की शिकायत कर रहे हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि ऐसा परफ्यूम बनाने में उपयोग किए जाने वाले केमिकल की वजह से हो सकता है। खास बात यह है कि सिर दर्द की शिकायत वालों की उम्र 15 से 25 वर्ष के बीच की है। यानी युवा इससे ज्यादा परेशान हैं।
वैसे काम के बोझ, पढ़ाई, पारिवारिक रिश्तों की उलझन, डिहाइड्रेशन, देर रात तक मोबाइल फोन के इस्तेमाल आदि कारणों से लोगों को सिर दर्द की समस्या आम हो गई है। इसमें लोग अच्छा महसूस करने के लिए अच्छी महक वाले रूम फ्रेशनर और परफ्यूम लगातार स्प्रे करते रहते हैं। यह सिरदर्द की समस्या को और बढ़ा सकता है।
एम्स की ओपीडी में आने वाले करीब 220 मरीजों में से 25 फीसदी सिर दर्द की समस्या से परेशान होते हैं। न्यूरो सर्जन डॉ. राहुल गुप्ता बताते हैं-आजकल लोगों में महक के लिए परफ्यूम को हाथों पर रब करने के साथ हर वक्त रूम फ्रेशनर का उपयोग करने की आदत बढ़ी है। तेज गंध वाले केमिकल युक्त परफ्यूम लोगों को साइनस हेडेक का गंभीर मरीज बना देते हैं। इसकी शुरुआत नाक से भी जुड़ी होती है।
उन्होंने बताया कि गंध नाक से शुरू होकर सिर तक पहुंचती है। इसके बाद सिर के आगे वाले हिस्से में दर्द शुरू हो जाता है। अगर मरीज को मिर्गी का दौरा या उल्टी होती है तो बाद में इससे ब्रेन ट्यूमर तक हो सकता है। इसलिए इसे बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसा होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। इसके कारण माइग्रेन, सिर दर्द, साइनसाइटिस, ट्यूमर जैसी बीमारियों से लोग ग्रसित हो सकते हैं।
न्यूरो सर्जन डॉ. अनुज मिश्रा बताते हैं-ओपीडी में आजकल सिरदर्द की समस्या वाले मरीज बढ़े हैं। सिर दर्द भी दो तरह के होते है प्राइमरी और सेकेंडरी। सेकेंडरी सिरदर्द में दवा से भी राहत नहीं मिलती। ऐसे में मरीज को अपनी आदतों में सुधार करने की जरूरत सबसे ज्यादा होती है। सिर दर्द की समस्या आम हो गई है। इसके कई कारण हो सकते हैं। अधिक देर तक तीव्र महक के वातावरण में रहना भी सिर दर्द का एक प्रमुख कारण है।
-
सिर दर्द के ये भी हैं प्रमुख कारण
अधिक देर तक स्क्रीन लाइट में वक्त बिताना
ब्रेन में ट्यूमर होना
हाइपर टेंशन होना
डिहाइड्रेशन की समस्या
तेज प्रकाश में रहना
ये रखें सावधानी
धुआं, धूप से बचें
परफ्यूम की महक से बचें
खाली पेट ना रहें
नींद पर्याप्त लें
स्क्रीन लाइट से दूर रहें