बाटा कंपनी के गोरखपुर के गोलघर शोरूम में बार कोड बदलकर 93.5 लाख रुपये के जूता, चप्पल के गबन का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर कैंट पुलिस ने शोरूम प्रबंधक विजयभान सिंह के खिलाफ गबन, धोखाधड़ी की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, आरोपी से पुलिस ने संपर्क करने की कोशिश की तो वह ना तो घर पर मिले और ना ही उनका मोबाइल नंबर मिल रहा है।
बाटा कंपनी के अधिकारी जयंत सिंह सेंगर ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि गोलघर शोरूम के प्रबंधक रामाधर पंडित को हटाकर 30 जून 2018 को विजयभान सिंह की नियुक्ति की गई थी। तब एक करार भी हुआ था कि शोरूम में आने वाले कंपनी के सभी सामान के लिए वह जिम्मेदार हैं।
कंपनी की जांच में पता चला है कि विजयभान ने कंपनी के बार कोड को बदलकर गलत मूल्य के बार कोड का इस्तेमाल किया। सामान्य चप्पल पर भी अधिक मूल्य वाले बार कोड मिले। इतना ही नहीं, स्टाक रूम में काफी खाली डिब्बे भी मिले थे। इससे यह लग रहा है कि वहां से जूता, चप्पल की चोरी कर बाहर गलत तरीके से बेचा गया है।
पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस सिलसिले में विजयभान सिंह का पक्ष नहीं मिल सका है। उनका पक्ष मिलते ही उसे प्रकाशित किया जाएगा।