लोकसभा चुनाव में पूरी सख्ती के बीच बूथ के भीतर मोबाइल ले जाने पर रोक थी। इसे लेकर सुरक्षा बल पूरी ताकत लगाए हुए थे। पुलिस सभी को जांच के बाद ही भीतर जाने दे रही थी। इसी बीच दोपहर में फेसबुक पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक मतदाता ने एक प्रत्याशी के पक्ष में वोट डाला और उसकी वीवीपैट मशीन की तस्वीर वायरल हो गई। इसके थोड़ी ही देर बाद एक अन्य मतदाता ने दूसरे दल के पक्ष में वोट डालते समय वोटिंग मशीन पर अंगुली रखकर वीडियो वायरल कर दिया। इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गरम रहा।
विज्ञापन
तमाम मतदाता इसे लेकर चर्चा करते रहे कि आखिर मोबाइल लेकर वोटर भीतर कैसे पहुंच गया। हालांकि अभी इसके सत्यता की पुष्टि नहीं हो पाई है, मगर मामले की जानकारी पुलिस उच्चाधिकारियों तक पहुंच गई है। एएसपी ओपी सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो के सत्यता की पुष्टि की जा रही है। यदि मामला सही पाया गया तो संबंधितों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। यह भी जांच की जा रही है कि जब इतनी सख्त निगरानी थी तो कैसे मतदाता मोबाइल लेकर भीतर पहुंच गया।