बेसिक शिक्षा विभाग : मानव संपदा पोर्टल पर टिकी एसटीएफ की निगाहें
गोरखपुर। मानव संपदा पोर्टल पर सर्विस रिकार्ड की जानकारी नहीं देने वाले शिक्षकों को बेसिक शिक्षा विभाग ने 16 नवंबर तक का आखिरी मौका दिया है। इसके बाद जानकारी नहीं देने वाले शिक्षकों का रिकार्ड एसटीएफ को सौंप दिया जाएगा। शासन ने इसे लेकर पूर्व में ही बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देश दिया है।
10 नवंबर की समय सीमा खत्म होने केेेेेेेे बाद से विभाग की ओर से जानकारी नहीं देने वाले या गलत जानकारी देने वाले शिक्षकों को चिह्नित कर जानकारी अपलोड करने की सूचना दी जा रही है। करीब 700 से अधिक ऐसे शिक्षक हैं जिनके तरफ से दी गई जानकारी में कई त्रुटियां मिली हैं। जिन्हें सुधारने का काम खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से जारी है। वहीं, मानव संपदा पोर्टल पर जानकारी न देने वाले शिक्षकों की संख्या 200 से अधिक हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने इन्हें पांचवी बार एक बार फिर जानकारी अपलोड करने का मौका दिया है। अबकी बार जानकारी न देने वालों की सूची एसटीएफ को सौंपी जाएगी।
मानव संपदा पोर्टल से पकड़ गए कई फर्जी शिक्षक
मानव संपदा पोर्टल पर शिक्षकों का ब्यौरा अपलोड होने से कूटरचित दस्तावेजों के सहारे नौकरी करने वाले आठ फर्जी शिक्षकों को बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बर्खास्त किया गया है। विभाग का मानना है कि एक बार सभी शिक्षकों का ब्यौरा अपलोड होने से फर्जी शिक्षकों पर लगाम कसी जा सकेगी।
मानव संपदा पोर्टल पर जानकारी अपलोड कराने पर बेसिक शिक्षा विभाग का पूरा फोकस है। जानकारी न देने वाले शिक्षकों का वेतन रोकने के साथ उनकी सूची एसटीएफ को भेजने का निर्देश भी पूर्व में दिया गया है। ऐसे में जिन्होंने जानकारी नहीं दी है उनसे अपेक्षा है कि वो 16 नवंबर से पहले जानकारी अपलोड कर दें।
-बीएन सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी