गोरखपुर। चारों तरफ श्रद्धालुओं का हुजूम, हर ओर जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष और मां दुर्गा के जयकारों से गूंजता बसंतपुर का दुर्गा मिलन चौक। बुधवार की रात यहां आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि भीड़ के बीच पैर रखने तक की जगह नहीं बची। हर कोई उस पल का साक्षी बनने को आतुर था, जब प्रभु श्रीराम मां दुर्गा से मिलन करने पहुंचने वाले थे। जैसे ही रथ पर सवार प्रभु राम, माता जानकी, लक्ष्मण और बजरंगबली दिखाई दिए, पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु हाथ उठाकर प्रभु का अभिवादन करने लगे। पुष्पवर्षा के बीच राघव-शक्ति मिलन का अद्भुत दृश्य देख भक्त भावविभोर हो उठे। बर्डघाट रामलीला मैदान में रावण वध के बाद देर रात में राम की शोभायात्रा दुर्गा मिलन चौक पहुंची। यहां मां दुर्गा की प्रतिमा की आरती उतारी गई। मान्यता है कि देश में राघव-शक्ति मिलन की यह अनूठी परंपरा केवल बसंतपुर में निभाई जाती है। मिलन के बाद दुर्गाबाड़ी की मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ अन्य प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा निकली। राघव शक्ति मिलन समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल के साथ समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र पाल यादव, अजय कुमार गुप्ता, महामंत्री राकेश कुमार वर्मा सहित मौजूद रहे।