गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनकल्याण और नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाना सरकार का संकल्प है। इस संकल्प के अनुरूप अधिकारी हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उसकी समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्रों पर कार्रवाई के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री खुद लोगों के पास पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जमीन पर अवैध कब्जा करने और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। पारिवारिक संपत्ति विवादों में संबंधित पक्षों को बैठाकर आपसी संवाद से समाधान का प्रयास किया जाए। राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए ताकि किसी के साथ अन्याय न हो। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।