सिविल लाइंस में लगा बैरियर, अब दोपहर में डेढ़ घंटे स्कूल रोड पर नहीं जा सकेंगे चारपहिया वाहन
स्कूल रोड पर डिवाइडर लगवाने के लिए नगर आयुक्त को एसपी ट्रैफिक ने भेजा पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। सिविल लाइंस में स्कूल की छुट्टी के समय लगने वाले जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने नया प्लान तैयार किया है। जाम पर हुए मंथन से कुछ कामयाबी मिली है, जिसका असर भी पहले दिन सोमवार को देखने को मिला। अब दोपहर 12 से 1:30 बजे तक हरिओम नगर में चारपहिया वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जाम से निपटने के लिए डेढ़ घंटे तक हरिओम नगर और स्कूल रोड को वन-वे घोषित किया गया है। इस अवधि में दो पहिया और पैदल वालों को ही जाने की अनुमति मिलेगी।
सिविल लाइंस और गोलघर इलाके में दोपहर में स्कूलों की छुट्टी के समय एक घंटे तक लोग जाम से परेशान होते हैं। इस समस्या को अमर उजाला अखबार ने प्रमुखता से उठाया। इसके बाद अफसरों ने जाम वाले इलाके का जायजा लेकर उससे निपटने के लिए नई रणनीति तैयार की है। सोमवार को स्कूल रोड पर 12 बजे से ही ट्रैफिक पुलिस के जवान सक्रिय हो गए थे। स्कूल रोड पर बैरियर लगाकर चार पहिया वाहनों को अंदर नहीं जाने दिया गया।
यहां से नहीं मिलेगा चारपहिया वाहनों को प्रवेश
यातायात पुलिस ने 12 से 1:30 बजे तक कई मार्ग को वन-वे किया है। इसमें पुराना आरटीओ मार्ग की तरफ से आने वाले वाहनों को विश्वविद्यालय गेट की तरफ से डायवर्ट किया जाएगा। इधर से कोई चारपहिया वाहन स्कूल रोड या फिर हरिओम नगर की तरफ नहीं जा सकेगा। इसी तरह आंबेडकर चौक, आयकर विभाग से स्कूल की तरफ जाने वाले रोड और कचहरी चौक से हरिओम नगर की तरफ डेढ़ घंटे तक चार पहिया वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सोमवार को इन सभी जगहों पर बैरियर लगाकर नई व्यवस्था को लागू भी कर दिया गया।
वर्जन-
सोमवार से ही स्कूल रोड पर ट्रैफिक जवानों की संख्या बढ़ा दी गई है। स्कूलों की छुट्टी के समय वहां पर अनुभवी जवानों की ड्यूटी लगाई जा रही है। स्कूल रोड पर बैरियर लग गए हैं। नगर आयुक्त को पत्र लिखा गया है, बहुत जल्द स्कूल रोड पर डिवाइडर लगाकर फुटपाथ भी खाली कराए जाएंगे।
- संजय कुमार, एसपी यातायात