डीडीयू के आरपी शुक्ल छात्रावास के सामने दरोगा व सिपाही से मारपीट का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के राम प्रताप शुक्ल छात्रावास के सामने पुलिसकर्मियों से हुई मारपीट के बाद यातायात पुलिस ने भी सक्रियता दिखाई है। संत कबीर और राम प्रताप शुक्ल छात्रावास के सामने सड़क पर बैरिकेडिंग लगाई दी गई है। इससे वहां वाहनों की रफ्तार भी कम हो गई है।
छात्रावासों के सामने स्पीड ब्रेकर नहीं होने की वजह से हमेशा वाहनों की रफ्तार तेज ही रहती है। रविवार को दरोगा और छात्रावासी की बाइक टकराने के बाद एक बार फिर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग उठने लगी है। इसे देखते हुए ही यूनिवर्सिटी चौराहा-मोहद्दीपुर लेन वाली सड़क पर कुल चार बैरिकेडिंग लगाई गई है। इससे वाहनों की रफ्तार पर असर पड़ा है। घटना के बाद गिरफ्तार किए गए दोनों छात्र बीएससी एजी के हैं। उनकी परीक्षाएं चल रही हैं। गिरफ्तारी के कारण उनकी परीक्षाएं भी छूट गईं।