सिद्धार्थनगर जिले की बांसी पुलिस ने रविवार देररात चार लोगोें को गिरफ्तार किया है। पुलिस को शक है कि ये चारों छह दिसंबर को दिनदहाड़े आईसीआईसीआई बैंक में हुई 48.23 लाख रुपये लूट में शामिल थे। फिलहाल कोई भी अफसर इस बारे में विस्तृत ब्योरा देने से मना कर रहा है। आईजी रेंज आशुतोष कुमार ने बताया कि पकड़े गए लोगाें पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद ही विस्तार से बता पाना संभव होगा।
छह दिसंबर को पुलिस अयोध्या प्रकरण को लेकर हाईअलर्ट पर थी। इसी बीच बदमाशों ने मुस्तैद पुलिस को चुनौती दी। दोपहर करीब सवा एक बजे दो बाइक पर सवार बदमाश रोडवेज बस स्टेशन से मालवीय रोड को जाने वाले मार्ग पर स्थित आईसीआईसीआई बैंक पहुंचे। फिल्मी अंदाज में डेढ़ मिनट में ही लूट को अंजाम देकर चलते बने। जिले के आपराधिक इतिहास की सबसे बड़ी लूटकांड को अंजाम दे दिया था। पुलिस की कई टीमें तभी से इस कांड के पर्दाफाश की कोशिश में जुटी थीं। वहीं बस्ती के एसपी हेमराज मीणा का कहना है कि कुछ संदिग्धों के पकड़े जाने की सूचना है। बगैर पूछताछ के कुछ कह नहीं जा सकता।