दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में एलएलबी की परीक्षा में बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिस छात्रा को चतुर्थ सेमेस्टर में नकल के आरोप में पकड़ा गया और उसकी परीक्षा निरस्त की गई थी। उसे पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश पत्र दे दिया गया। छात्रा ने तीन परीक्षा भी दे डाली। मामला पकड़ा गया तो अब परीक्षा से रोका गया है।
एलएलबी की छात्रा को चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा में लेबर एंड इंडस्ट्रियल लॉ की परीक्षा में नकल करते पकड़ा गया और यूएफएम की टीम की संस्तुति पर चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा निरस्त कर दी गई। लेकिन, पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा में छात्रा ने परीक्षा फॉर्म भरकर ऑनलाइन शुल्क भी जमा कर दिया। उसके आवेदन की जांच भी नहीं की गई और प्रवेश पत्र भी जारी कर दिया गया।
छात्रा ने पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल भी होने लगी। तीन पेपर के बाद केंद्राध्यक्ष ने मामला पकड़ लिया। इस मामले में परीक्षा नियंत्रक तीन मार्च को एक पत्र जारी कर परीक्षा से रोकने का आदेश जारी किया। जिसमें कहा गया कि छात्रा ने तथ्यों को छिपाकर परीक्षा फॉर्म भर दिया।
बहरहाल, छात्रा को अब परीक्षा में शामिल होने से रोक दिया गया है। लेकिन, इस मामले के बाद अब नकल के आरोपित सभी छात्र जांच के दायरे में आ गए हैं, जिनकी परीक्षा को नकल के आरोप में निरस्त किया गया है।