प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान भारत एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए 15 से 30 सितंबर तक आयुष्मान पखवाड़ा चलेगा। इसके तहत छूटे लाभार्थियों के निशुल्क कार्ड बनाए जाएंगे। कार्ड बनाने के लिए कैंप के बारे में आशा कार्यकर्ता, पंचायत सहायक और कोटेदार की भी मदद ले सकते हैं।
सीएमओ डॉ आशुतोष कुमार दुबे ने इसके लिए आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डॉ अनिल कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ संचिता मल्ल को जिम्मेदारी सौंपी है। नोडल अधिकारी ने बताया कि लक्षित लाभार्थियों की सूची ग्राम सभावार और नगरीय क्षेत्र में वार्डवार वितरित की गई है।
बताया कि राशन कार्ड और आधार कार्ड की मदद से आशा कार्यकर्ता फेस आथेंटिकेशन एप के जरिये भी आयुष्मान कार्ड बनाएंगी और उसका प्रिंट पंचायत सहायक के जरिये हासिल किया जा सकता है।
ये लोग बनवा सकेंगे आयुष्मान कार्ड
अभियान के दौरान उन लाभार्थियों का कार्ड निशुल्क बनाया जाएगा, जिनका सूची में पहले से नाम है। सामाजिक आर्थिक जनगणना 2011 की सूची के जरिये चयनित लाभार्थियों के साथ सभी अंत्योदय कार्ड धारक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, मान्यता प्राप्त पत्रकार, तीन तलाक पीड़ित महिलाएं और श्रम विभाग की ओर से चयनित श्रम कार्ड वाले भवन निर्माण से जुड़े श्रमिक ही योजना के लाभार्थी हैं।