गोरखपुर। पर्यटन विभाग स्कूली बच्चों को कार्टून किताबों के जरिए प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ वहां की कला और संस्कृति से रूबरू कराएगा। जल्द ही पर्यटन विभाग विद्यालयों में इन पुस्तकों को शिक्षा विभाग के जिम्मेदारों के माध्यम से वितरित कराया जाएगा।
पर्यटन विभाग ने बच्चों को प्रदेश के ऐतिहासिक स्थलों के प्रति जागरूक करने के लिए उत्तर प्रदेश आओ ढूंढे और समझे खूबसूरत कलाओं और उनके इतिहास को व उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड सर्किट महलों और किलों की भूमि नाम से दो कार्टून पुस्तकें प्रकाशित करवाई हैं। पहली पुस्तक में प्रदेश के वाराणसी की यात्रा में वहां की विश्व प्रसिद्ध साड़ी, भदोही की कालीन, चित्रकूट के शबरी जल प्रताप और बुंदलेखंड के कालिंजर दुर्ग को मनोरंजक कहानियों के माध्यम से बताया गया है
पुस्तक में गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर, टेराकोट उत्पाद, फिरोजाबाद के कांच के बर्तन, पीलीभीत की बांसुरी, गाजीपुर के जूट से बने वॉल हैंगिंग आदि की जानकारी दी गई है। दूसरी पुस्तक में बुंदेलखंड के झांसी सहित प्रमुख शहरों के साथ ही किलों और मंदिरों की जानकारी को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। यह दोनों ही पुस्तकें चंपक की ओर से प्रकाशित की गई है।
...
कोट
पर्यटन विभाग पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में अब स्कूली बच्चों को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल के साथ वहां की कला और संस्कृति की जानकारी कार्टून पुस्तकों के माध्यम से देने जा रही है। किताबें आ चुकी हैं। जल्द ही शिक्षा विभाग के जिम्मेदारों के माध्यम से इन्हें स्कूलों में वितरित करा दिया जाएगा।
-राजेंद्र प्रसाद, उप निदेशक पर्यटन विभाग, गोरखपुर परिक्षेत्र