संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। नगर निगम की टीम संवेदना ने बृहस्पतिवार को स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों को डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए जागरूक किया। बच्चे बेतियाहाता के तुलसीदास मेमोरियल कैटलिस्ट हाइब्रिड स्कूल के थे।
जागरूकता कार्यक्रम इंचार्ज आशुतोष वर्मा ने बताया कि सूखे एवं गीले कूड़े को अलग-अलग नीले एवं हरे डस्टबिन में रखें। बच्चों को ट्रिपल आर के बारे में समझाया गया। अपील की कि घर के पुराने जूते एवं कपड़े पड़े हैं, उनको ट्रिपल आर सेंटर में जमा करें। ताकि जरूरतमंदों को उपलब्ध कराया जा सकें।
इस दौरान नुक्कड़ नाटक के जरिये घरेलू कचरे से खाद बनाने के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापिका रीना सिंह, समस्त अध्यापक एवं संवेदना के आदित्य, मृत्युंजय, सूरज, हिमांशु, जोनल इंचार्ज शिवम मिश्रा आदि ने भाग लिया।