- नवंबर में शुरू होगा शुभ मुहूर्त, अब तक आए 6500 से अधिक आवेदन
गोरखपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शादी का इंतजार कर रहे जोड़ों को करीब चार महीने और इंतजार करना होगा। जुलाई के बाद अगस्त, सितंबर और अक्तूबर में शुभ मुहूर्त नहीं होने से सामूहिक विवाह कार्यक्रम नवंबर में होने की संभावना है।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार, शासन से अनुमति मिलने के बाद 20 नवंबर के बाद पड़ने वाली मांगलिक तिथियों पर विवाह कराए जा सकते हैं। विभाग ने उपहार सामग्री की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही टेंडर जारी किया जाएगा। इस वर्ष जिले को 1,525 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य मिला है, जबकि पिछले वर्ष 1,626 जोड़ों का विवाह कराया गया था। योजना के लिए अब तक 6,500 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
इस योजना के तहत प्रति जोड़ा एक लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। चांदी की पायल और बिछिया की जगह इस बार 4,000 रुपये सीधे वधू के बैंक खाते में भेजे जाएंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, जिससे आने वाले समय में किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो।