गोरखपुर। भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के समापन के अवसर पर दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के तरंग सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की ओर से 24 दिसंबर को अटल युवा कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम ललित कला एवं संगीत विभाग के नादायान हाॅल में आयोजित होगा।
कवि सम्मेलन में विश्वविद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी 21 दिसंबर तक पंजीकरण लिंक पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। 22 दिसंबर को प्रतिभागियों की स्क्रीनिंग होगी और केवल चयनित प्रतिभागियों को काव्य पाठ का अवसर मिलेगा।
तरंग की निदेशक प्रो. ऊषा सिंह ने बताया कि प्रतिभागियों की कविताएं स्वरचित होनी चाहिए और अटल जी के जीवन, दर्शन, उपलब्धियों और शिक्षाओं पर केंद्रित होनी चाहिए। इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की कविताओं को भी प्रस्तुति में शामिल किया जा सकता है। कविताएं केवल हिंदी में प्रस्तुत होंगी। तीन सर्वश्रेष्ठ कवियों को अटल युवा कवि सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।