फोरलेन के साथ ही नाला निर्माण की भी ठीक से मॉनीटरिंग नहीं हो रही। मुख्य ठेकेदार ने छोटे-छोटे कई ठेकेदारों को काम बांट दिया है। जहां ठेकेदार सक्रिय हैं वहां का पैच जल्दी बन जा रहा है मगर जहां सुस्त हैं वहां काम एक महीने में भी पूरा नहीं हो पा रहा। मसलन खरैया पोखरा के पास वी-मार्ट शोरूम के ठीक सामने एक सितंबर को जेसीबी से नाले का गड्ढा खोदा गया और बुधवार यानी 30 सितंबर तक वहां नाले का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका जबकि उसके आसपास के पैच में काम पूरा हो गया।
पैच छोड़-छोड़कर हो रहा निर्माण
एक सिरे से निर्माण कराने की बजाए बीच-बीच का पैच छोड़कर नाले की खुदाई और निर्माण कराया जा रहा है। जिससे एक साथ सभी जगहों के लोग परेशान हैं। कई कॉलोनियों तक ठीक से जाने का रास्ता नहीं। जिनके घर सड़क के किनारे हैं, उनके घर में दाखिल होने की भी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई।
नहीं लगाए गए इंडीकेटर, गिरकर घायल हो रहे लोग
नाले के लिए खोदे गए गड्ढों के किनारे कहीं भी इंडीकेटर नहीं लगाया गया है जिसकी वजह से रोजाना कई लोग गड्ढे में गिरकर घायल हो रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा स्थानीय लोग हैं।
दवा विक्रेता युवराज सक्सेना ने कहा कि खरैया पोखरा स्थित मेरी दवा की दुकान के आगे एक महीने पहले गड्ढा खोदा गया था मगर अभी तक निर्माण नहीं पूरा हो सका। दुकान तक आने-जाने का कोई रास्ता नहीं होने से कारोबार ठप है। कई दिन तक तो दुकान पर ताला लगा रहा। मुख्य अभियंता और सहायक अभियंता से 10 दिन से समस्या बता रहा हूं। कोई फर्क नहीं पड़ा।
15 दिन से सिर्फ गड्ढा खोद छोड़ दिया
लोटस बेकरी के संचालक विक्रम कुमार ने कहा कि 15 दिन पहले मेरी दुकान के आगे गड्ढा खोदा गया था मगर अभी तक वहां निर्माण नहीं पूरा हो सका। तब से ही दुकान बंद है। दुकान से पहले और बाद दोनों तरफ नाले का निर्माण हो चुका है मगर मेरे और आसपास के चार-पांच घरों के सामने निर्माण ही नहीं शुरू हो रहा है। घरों और दुकानों तक आनेजाने का रास्ता तक नहीं है। दुकान में पड़ा काफी सामान खराब हो गया।
घर का फर्श चटक गया, चोटिल भी हो चुका
सेल्स मैनेजर गोपी कृष्ण ने कहा कि जेसीबी से नाले के लिए गड्ढा खोदते वक्त कोई जिम्मेदार मौके पर नहीं रहता। जेसीबी चालक अपने हिसाब से मनमानी तरीके से गड्ढे खोद दे रहा। कहीं बहुत चौड़ा तो कहीं संकरा गड्ढा खोदा जा रहा है। घर के सामने बिना किसी योजना के अचानक नाले का गड्ढा खोद देने से पूरे फर्श में दरार पड़ गई। मिट्टी धंसने से गड्ढे में गिरकर चोटिल भी हो चुका हूं।
मेडिकल कॉलेज रोड निवासी अरुण सिंह ने कहा कि हम विकास के पक्षधर हैं मगर अनियोजित तरीके से नाले का निर्माण होने से स्थानीय लोग बहुत परेशान हैं। निर्माण कार्य बहुत धीमा होने से दुकानों पर ताला लगा हुआ है। कारोबार प्रभावित हो रहा है। ठेकेदार ने घरों-दुकानों तक आने-जाने का कोई वैकल्पिक रास्ता तक नहीं बनाया। भगवान से मनाते हैं कि कोई बीमार न पड़े, वर्ना उसे अस्पताल कैसे ले जाएंगे।
कमिश्नर जयंत नार्लिकर ने बताया कि तीन दिन पहले असुरन-मेडिकल कॉलेज फोरलेन और नाला निर्माण का निरीक्षण किया था। विभाग में मजदूर और अन्य जरूरी संसाधन बढ़ाकर जल्द नाले का निर्माण पूरा कराने के साथ ही दिसंबर तक हर हाल में शहरी क्षेत्र यानी मेडिकल कॉलेज तक की रोड का निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया है। नाला निर्माण की वजह से किसी को दिक्कत न हो इसलिए लोनिवि के अभियंताओं को जरूरी सुविधाओं के लिए निर्देशित किया जाएगा।
लोनिवि सहायक अभियंता राजेश कुमार ने कहा कि कुछ लोगों ने शिकायतें की हैं। सभी का संज्ञान लिया जा रहा है। मौके का निरीक्षण किया गया है। निर्देश दिए गए हैं कि अब जब तक खोदे गए गड्ढों में नाले का निर्माण पूरा नहीं हो जाता है तब तक नई जगह गड्ढा नहीं खोदा जाए। लोगों को आवागमन में दिक्कत न हो इसलिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। बृहस्पतिवार से इसपर अमल भी शुरू हो जाएगा। बारिश की वजह से काम काफी प्रभावित हो गया था। सबसे बड़ी समस्या मिट्टी की हो रही थी। बुधवार से मिट्टी भी मिलने लगी है। अब जल्द निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा।