चिलुआताल। थाना क्षेत्र के मानबेला पीरू शहीद गांव में जमीन के विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। घायलों में पति-पत्नी, उनकी बेटी, बहू और दो पोतियां शामिल हैं। सभी का इलाज चल रहा है। पीड़िता सावित्री देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके दरवाजे पर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपी घर में घुस आए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे परिवार के सदस्य घायल हो गए। घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।