गोरखपुर। शहर के मोहद्दीपुर निवासी अशोक कुमार कन्नौजिया को प्रशासनिक क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए ‘सारस्वत सम्मान’ से सम्मानित किया गया है। अखिल भारतीय सारस्वत परिषद की ओर से 23 फरवरी को बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी के वैदिक ज्ञान केंद्र में हुए समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
अशोक कन्नौजिया वर्तमान में इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज में परीक्षा नियंत्रक के पद पर कार्यरत हैं। इलाहाबाद विवि में वह डिप्टी रजिस्ट्रार और वित्त अधिकारी जैसे पदों पर भी रह चुके हैं। उन्होंने भारतीय वायुसेना के साथ ही आईआईटी, खडगपुर में भी जनसंपर्क अधिकारी के रूप में सेवाएं दी हैं। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, विलासपुर के कुलपति प्रो. आलोक चक्रवाल व हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी, शिमला के कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने उन्हें सम्मान प्रदान किया।