रेलवे स्टेशन पर ट्रेन देखते ही दौड़े यात्री, खिडकी के रास्तें ट्रेन में चढ़े लोगगोरखधाम एक्स्प्
-ट्रेन में पहले चढ़ने की मची होड़, आरपीएफ की व्यवस्था भी नहीं आई काम
- प्लेटफार्म पर सामान छोड़ घुस गए बोगी में, सीट कब्जाने के बाद ले गए सामान
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दिल्ली, मुंबई और पंजाब जाने वाली ट्रेनों में भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को गोरखपुर से बठिंडा जाने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस के जनरल कोच में चढ़ने के लिए मारामारी रही। प्लेटफॉर्म पर ट्रेन के पहुंचते ही धक्का-मुक्की के बीच जब कुछ यात्री कोच में नहीं चढ़ पाए तो वे खिड़की के रास्ते घुसने की कोशिश करने लगे। इस दौरान कुछ यात्रियों का सामान भी छूट गया, सीट कब्जा करने के बाद वे नीचे आकर सामान ले गए।
गोरखधाम एक्सप्रेस में मंगलवार को रोजाना से अधिक भीड़ रही। आरपीएफ ने पहले तो यात्रियों को लाइन लगवाकर खड़ा कराया। लेकिन जैसे ही ट्रेन प्लेटफार्म पर आई यात्री कोच में चढ़ने के लिए दौड़ पड़े। आरपीएफ जवान भी उन्हें नहीं रोक पाए। कई यात्री ट्रेन में चढ़ने के लिए आपस में धक्का-मुक्की करने लगे। कई यात्री ट्रेन की आपातकालीन खिड़की के रास्ते कोच में जाने लगे। हालांकि, ट्रेन के छूटने तक सभी यात्री कोच में सवार हो गए। लेकिन भीड़ अधिक होने के चलते तमाम यात्रियों ने गैलरी और शौचालय के पास बैठकर सफर शुरू किया।