मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार शाम से मौसम में बदलाव के आसार हैं। दिन में बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। 21 से 25 जून तक बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में लगातार अधिकतर और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। 24 जून को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
इसे भी पढ़ें: चार दिन में 137 की मौत से हड़कंप, श्मशान घाट दाह-संस्कार के लिए नहीं मिल रही जगह
रामगढ़ताल के पास जमीन में पड़ीं दरारें
सूरज की तपिश से जमीन जल रही है। आषाढ़ चल रहा है। फिर भी जेठ की जलन बरकरार है। कड़ी धूप से रामगढ़ताल के पास सूखी जमीन में पड़ी दरारें बारिश होने का इंतजार कर रही हैं। आमतौर पर माना जाता है कि 15 जून के बाद बारिश शुरू हो जाएगी, लेकिन अभी तक मौसम ने अंगड़ाई नहीं ली है।
हीट वेब से बचाव का समुचित प्रबंध करने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर निगम, नगर पंचायतों और जिला पंचायत को पत्र भेजकर सार्वजनिक स्थानों पर टैंकर भेजकर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, नदी और तालाबों में पंपिंग सेट के माध्यम से जल संग्रह कराने को कहा गया है।इसके अलावा सभी सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों में लू से प्रभावित लोगों के समुचित उपचार करने, बिजली आपूर्ति बहाल रखने के साथ ही पंखा, कूलर और एसी को चलाने को कहा गया है।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर व विकास की आज सौगात देंगे CM योगी, हेल्थ ATM का भी करेंगे शुभारंभ
निशुल्क ओआरएस काउंटर बनाएं
आमजन के लिए चिकित्सालयों में निशुल्क ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सोल्यूशन) सेंटर बनाने के निर्देश दिए गए हैं। चौराहों पर दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक यातायात को मैन्युअल चलाने, नगर निगम के रैन बसेरों में समुचित प्रबंध, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति, पशुओं के लिए चारा और पानी का इंतजाम करने के अलावा छायादार स्थल स्थापित करने को कहा गया है। इसके अलावा लू से बचाव के लिए आमजन को सजग करने के लिए प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया गया है।