सहूलियत : अंत्योदय कार्ड धारकों को अब चीनी भी
गोरखपुर। जिले के अंत्योदय कार्ड धारकों को चावल और गेहूं के साथ अब चीनी भी सस्ती दर पर उपलब्ध होगी। जिला एवं खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से आगामी दिनों में प्रत्येक अंत्योदय कार्ड धारकों को इसे उपलब्ध कराया जाएगा। कार्ड धारकों के लिए प्रति किलोग्राम चीनी का भाव 18 रुपये निर्धारित किया गया है।
बता दें कि, जिले में कुल एक लाख 26 हजार 392 अंत्योदय कार्ड धारक हैं। जिला एवं खाद्य आपूर्ति विभाग ने भारतीय खाद्य विभाग की मदद से अंत्योदय कार्ड धारकों को चीनी उपलब्ध करवाने की तैयारी शुरू कर दी है। इससे पहले कार्ड धारकों को केवल चावल और गेहूं उपलब्ध कराया जा रहा है। लेकिन अब तीनों खाद्य सामग्री एकसाथ दी जाएंगी। जिला खाद्य पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि अंत्योदय कार्ड धारकों को 18 रुपये में प्रति किलोग्राम चीनी जल्द दी जाने लगेगी। इसके लिए तैयारी की जा चुकी है। इससे कार्ड धारकों को काफी राहत मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि खाद्य आपूर्ति के क्षेत्र में यह एक नया प्रयास है। इससे अंत्योदय कार्ड धारकों के चेहरे पर खुशी जरूर देखी जा सकेगी। कहा कि अठारह रुपये प्रति किलोग्राम चीनी केवल अंत्योदय कार्ड धारकों के लिए ही है।