एंटी रोमियो सेल प्रभारियों के साथ बैठक करते एसएसपी डॉ. सुनील कुमार गुप्ता।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले की एंटी रोमियो सेल कोरोना महामारी से जंग में प्रशासन की मदद करेगी। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन कराने के साथ ही लोगों का मास्क भी चेक करेगी। साथ ही कहीं छेड़खानी की घटना सामने आती है तो त्वरित कार्रवाई भी टीम के सदस्य करेंगे।
एसएसपी डॉ. सुनील कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को जिले के सभी एंटी रोमियो सेल प्रभारियों के साथ बैठक कर पांच दिन के अंदर छेड़खानी के मामलों की प्रगति रिपोर्ट कार्यालय में भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्कूल, कॉलेज बंद होने की वजह से कोरोना महामारी रोकने में एंटी रोमियो टीम भी काम करे।
एसएसपी ने कहा कि वादी पक्ष से समय-समय पर वार्ता करते रहें जिससे प्रतिवादी पीड़ित पक्ष को किसी भी प्रकार परेशान न कर पाए। इस समय लॉकडाउन की वजह से स्कूल-कॉलेज बंद है तो मनचलों द्वारा छेड़छाड़ की गतिविधियां कम हुईं हैं लेकिन लॉकडाउन के दौरान बिना मास्क घूम रहे लोगों पर एंटी रोमियो दस्ता कार्रवाई करें, जिससे कोरोना संक्रमण को रोका जा सके।
एसएसपी ने कहा कि कि हुक्का बारों पर भी एंटी रोमियो दस्ता निगरानी बनाए रखे जिससे असंवैधानिक गतिविधियां न संचालित होने पाएं। बैठक में वाचक प्रथम इंस्पेक्टर सुनील राय वाचक द्वितीय उप निरीक्षक अनिरुद्ध पांडेय सहित थानों पर तैनात एंटी रोमियो प्रभारी मौजूद रहे।