- गुलरिहा थाने में कंपनी के निदेशक समेत पांच पर प्राथमिक दर्ज हुई
- कंपनी व निदेशक के खिलाफ शाहपुर थाने और लखनऊ में पहले से दर्ज हैं चार केस
संवाद न्यूज एजेंसी
गुलरिहा। दोगुनी रकम और अत्यधिक मासिक रिटर्न का लालच देकर देवरिया के तीन पीड़ित से 19.51 लाख की ठगी में एक और प्राथमिकी दर्ज हुई है। एसएसपी के आदेश पर गुलरिहा पुलिस ने ट्रेड आस्था कंपनी के निदेशक विश्वजीत श्रीवास्तव व नवीन श्रीवास्तव, चंदन शर्मा, फैजल, अविनाश सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और साजिश रचने के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।कंपनी व निदेशक के खिलाफ शाहपुर थाने और लखनऊ में पहले से चार केस दर्ज हैं।
पीड़ित अखिलेश मिश्रा, पदमराग त्रिपाठी और प्रियंका त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर ट्रेड आस्था नामक कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए। पीड़ितों के अनुसार, कसया निवासी विश्वजीत श्रीवास्तव व उनके सहयोगी नवीन श्रीवास्तव, चंदन शर्मा, फैजल और अविनाश सिंह ने उन्हें अत्यधिक मासिक रिटर्न और दोगुना मूलधन लौटाने का भरोसा दिया था।
पीड़ितों को गोरखपुर स्थित आस्था ट्रेडिंग ऑफिस ले जाकर प्लांट, ज्वेलरी शोरूम और अन्य कथित निवेशकों से मिलवाया गया, जिससे उन्हें कंपनी पर विश्वास हो गया। बाद में उन्हें पोस्ट-डेटेड चेक दिए गए, जो खातों में धन न होने के कारण बाउंस हो गए।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि रकम मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगे और बाद में धमकियां देने लगे। फैजल और अविनाश पर बाउंसरों के माध्यम से डराने का भी आरोप है। पीड़ितों ने कहा कि यह उनके जीवनभर की जमा-पूंजी थी, जिसे विश्वास में लेकर ठग लिया गया।
थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि कंपनी और उसके डायरेक्टर व अन्य आरोपियों के खिलाफ इससे पहले भी शाहपुर थाने और लखनऊ में चार मामले दर्ज हो चुके हैं। सभी आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है और कंपनी के लेन-देन व बैंक खातों की जांच की जा रही है।