- -पीड़ित की तहरीर पर एम्स थाने में दर्ज हुआ केस
-कमलेश पर पहले से दर्ज हैं विभिन्न थानों में 35 मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। भू-माफिया कमलेश यादव समेत तीन पर एम्स पुलिस ने मंगलवार को जालसाजी समेत अन्य धाराओं में एक और केस दर्ज किया है। उसपर पहले से जिले के विभिन्न थानों में 35 केस दर्ज हैं। पुलिस एक और दो नवंबर को कमलेश और उसके साथी दीनानाथ की करीब 129 करोड़ की संपत्ति कुर्क कर चुकी है।
जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर जिले के अंतर्गत भलुही मदारी पट्टी की रहने वाली आरती देवी पत्नी रामाश्रय प्रजापति और बरवा महोदवा की रहने वाली किसमती देवी पत्नी अशोक ने एसएसपी को संयुक्त प्रार्थनापत्र दिया।
आरोप है कि बहरामपुर कुसम्ही निवासी प्रापर्टी डीलर कमलेश यादव ने अपने साथी मनोज यादव और शैलेंद्र सिंह के साथ मिलकर 27 अप्रैल 2022 में मौजा रुद्रापुर तहसील चौरीचौरा में उन्हें 133.828 वर्गमीटर जमीन बैनामा किया था। जिसके एवज में कुल 18 लाख नकद व बैंक के माध्यम से लिया था।
बैनामा करवाने के बाद आरती देवी ने अपना मकान बना लिया एवं सह हिस्सेदार किसमती देवी ने बुनियाद खड़ी कर कब्जा कर लिया है। लेकिन हाल में उन्हें पता चला है कि भूमि सीलिंग की है और जमीन के कथित मालिक के मुंशी शैलेंद्र द्वारा डरा धमका कर दोबारा रुपये की मांग की जाती है। कहा जाता है कि यह जमीन कमलेश की नहीं, उसके मालिक अजय शर्मा व अरुण शर्मा पुत्र वृजभूषण शर्मा बेतियाहाता की है।
आरोप है की कमलेश यादव, मनोज यादव और शैलेंद्र सिंह ने मिलकर जमीन को धोखे से 18 लाख रुपये लेकर बैनामा करवा दिया है। अब और रुपये की भी मांग की जा रही है। एम्स पुलिस सोमवार को कमलेश यादव, साथी मनोज यादव व शैलेंद्र सिंह पर जालसाजी समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।