उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गगहा पुलिस पर पशु तस्करों ने गुरुवार को ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने अपना बचाव करते हुए ट्रक को पीछा कर पकड़ लिया। इस दौरान चालक समेत चार तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर कुल 21 प्रतिबंधित पशुओं को मुक्त कराया। जिसमें से दो घायल थे।
पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए पशु अस्पताल भेजा। एक की मौत के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव को दफन करा दिया। पुलिस ने थानेदार राजप्रकाश सिंह की तहरीर पर चार अज्ञात तस्करों पर हत्या के प्रयास, गोवध अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, एमवी एक्ट में केस दर्ज किया है।
एसपी साउथ विपुल श्रीवास्तव ने बताया कि गगहा थानेदार गुरुवार को तड़के चार बजे गश्त पर थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली की एक ट्रक में गोवंश को आजमगढ़ से लादकर बड़हलगंज होते हुए गोकशी के लिए बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस हाटा बाजार में बैरिकेटिंग कर वाहनों की चेकिंग करने लगी। थोड़ी देर में बड़हलगंज की तरफ से एक ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस के रुकने का इशारा करने पर चालक ने ट्रक की गति बढ़ाकर पुलिस टीम पर चढ़ाने का प्रयास किया।
पुलिस ने खुद को बचाते हुए ट्रक का पीछा शुरू कर दिया। जिसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गया। इस दौरान अंधेरे व शीतलहर का फायदा उठाकर चालक व तीन तस्कर फरार हो गए।