फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: 'पिकअप पर पशुओं को लादते थे छोटू, राजू-रामलाल', ग्रामीणों की पिटाई से घायल पशु तस्कर की इलाज के दौरान मौत

Sat, 20 Sep 2025 03:35 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर

सार

गोरखपुर के पिपराइच इलाके में छात्र दीपक गुप्ता (19) की हत्या में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी छोटू, राजू और रामलाल तस्करों के साथ मिलकर पशुओं को पिकअप में लादने और बाहरी तस्करों को बुलाने का काम करते थे। 
विज्ञापन
Gorakhpur Student murder - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोरखपुर के पिपराइच क्षेत्र के महुआ चाफी टोले में ग्रामीणों की पिटाई से घायल पशु तस्कर अजहर उर्फ अजब हुसैन (32) की शुक्रवार सुबह बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। पशु तस्करी का विरोध करने पर छात्र दीपक की हत्या से नाराज ग्रामीणों ने पीटकर अजहर को अधमरा कर दिया था। इसके बाद उसे इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
विज्ञापन


अजहर बिहार के गोपालगंज के थाना गोपालपुर स्थित रामपुर खुर्द का रहने वाला था। पुलिस ने बिहार पुलिस के जरिये उसके परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।

पिपराइच क्षेत्र के जंगल छत्रधारी गांव के महुआ चाफी टोले में सोमवार रात दो पिकअप से आए पशु तस्करों ने विरोध करने पर नीट की तैयारी कर रहे छात्र दीपक गुप्ता की हत्या कर दी थी। वारदात के बाद अन्य आरोपी भाग गए लेकिन अजहर उर्फ अजब हुसैन को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने हाथ-पैर बांधकर उसकी जमकर पिटाई कर दी थी। सूचना पर फोर्स संग तस्कर को छुड़ाने पहुंचे एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव समेत पांच पुलिसकर्मियों पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया था।
विज्ञापन

हालांकि बाद में ग्रामीणों से छुड़ाकर पुलिस तस्कर को जिला अस्पताल ले गई। वहां उसकी हालत बिगड़ने पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के रिकार्ड के अनुसार, पशु तस्कर को पुलिस ने रात करीब 12:05 बजे भर्ती कराया था। तस्कर की हालत खराब होने पर उसे आईसीयू में रखा गया था जहां शुक्रवार सुबह करीब 10:37 बजे उसकी मौत हो गई।

 

अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर एसपी नॉर्थ जितेंद्र श्रीवास्तव, सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह, सीओ चौरीचौरा अनुराग सिंह, प्रभारी निरीक्षक बांसगांव जितेंद्र कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा विजय प्रताप सिंह और एसओ पिपराइच पुरुषोत्तम आनंद सिंह के साथ बीआरडी पहुंचे। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में आस-पास के लोगों की मदद से शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भिजवा दिया।
 

पिकअप पर पशुओं को लादते थे छोटू, राजू-रामलाल
गोरखपुर के पिपराइच इलाके में छात्र दीपक गुप्ता (19) की हत्या में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी छोटू, राजू और रामलाल तस्करों के साथ मिलकर पशुओं को पिकअप में लादने और बाहरी तस्करों को बुलाने का काम करते थे। वारदात की रात भी तीनों पशु तस्करों के साथ पिकअप में मौजूद थे।

पशु तस्करों ने बीते सोमवार की देर रात दीपक गुप्ता की हत्या कर दी थी। वारदात से नाराज ग्रामीणों ने तस्करों की एक गाड़ी फूंकने के साथ ही उनमें से एक आरोपी को पकड़ कर पिटाई कर दी थी। यहीं नहीं, पकड़े गए तस्कर को छुड़ाने गई पुलिस पर भी ग्रामीणों ने पथराव कर दिया था। इसमें एसपी नार्थ जितेंद्र श्रीवास्तव समेत सात पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

पशु तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस की पांच टीमों ने बीते मंगलवार की देर रात गीडा के दबहिया टोला, नौसड़ निवासी छोटू, राजू और रामलाल को हिरासत में ले लिया था। इनके पास से लोहे का सरिया, पाइप व दो डंडे बरामद किए गए थे। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल की कॉल डिटेल व व्हाट्सएप चैटिंग की मदद से एक लाख इनामी पशु तस्कर अब्दुल रहीम को मुठभेड़ के दौरान कुशीनगर के रामकोला से दौरान गिरफ्तार कर लिया था।

 

पूछताछ के दौरान आरोपी ने तस्करी में शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान भी बता दी थी। इसके बाद पुलिस की टीम पश्चिम यूपी से लेकर बिहार तक दबिश दी लेकिन आरोपियों को कुछ पता नहीं चल सका। इधर, पुलिस ने शुक्रवार को हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों को छात्र की हत्या में संलिप्तता, तस्करों के साथ मिलकर पशुओं को पिकअप में लादने और बाहरी तस्करों को बुलाने के आरोप में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन

छात्र हत्याकांड में शामिल अब तक चार आरोपियों को जेल भिजवाया जा चुका है। दो अन्य की तलाश की जा रही है। अब आगे की विवेचना एसटीएफ की ओर से की जाएगी।
- राजकरन नय्यर, एसएसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें