पाली (गोरखपुर)। सहजनवां थाना क्षेत्र के घघसरा चौकी अंतर्गत तुलसीदास नगर हड़ही में मंगलवार सुबह अनियंत्रित टैंकर ने बिजली के दो पोल और दो ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त कर दिए। इसके बाद टैंकर सड़क किनारे स्थित कुल्लू निषाद के मकान से टकरा गया। इससे मकान को भी काफी नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि घर के पास तख्त पर सो रहा युवक बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार, बखिरा की तरफ से आ रहा टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया। सड़क किनारे लगे बिजली के दो पोल और दो ट्रांसफार्मर को तोड़ते हुए वह कुल्लू निषाद के मकान से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर गिर गए। उस समय बिजली आपूर्ति चालू थी, जिससे तारों से चिंगारियां निकलने लगीं। इससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। हादसे के बाद पूरे मोहल्ले की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
गनीमत रही कि उस समय सड़क पर कोई राहगीर मौजूद नहीं था और तख्त पर सो रहा युवक भी सुरक्षित बच गया। घटना की जानकारी बिजली विभाग को दी गई। स्थानीय लोगों ने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने और मकान क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की है। थानाप्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है।