गोरखपुर। एम्स के गेट नंबर चार के पास रविवार की रात किसी बात को लेकर एक एमबीबीएस छात्र और दुकानदारों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। सड़क पर हंगामा होने लगा। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया। मारपीट में एक एमबीबीएस छात्र घायल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे एम्स का 2024 बैच का एक एमबीबीएस छात्र गेट नंबर-4 के पास लगे ठेले पर सामान खरीदने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर छात्र और दुकानदार के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। मारपीट में छात्र को चोट लग गई। उसके साथी तुरंत उसे एम्स की इमरजेंसी में ले गए, जहां उसका उपचार कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही ठेला दुकानदार के समर्थन में आसपास के कुछ स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए जबकि छात्र के समर्थन में उसके साथी छात्र भी वहां जुट गए। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
घटना स्थल एम्स थाने से करीब 100 मीटर की दूरी पर है। गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को जब स्थानीय लोगों ने सूचना दी तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया। थाना प्रभारी चंद्र प्रकाश पांडे ने बताया कि किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।