सरदारनगर। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के देवकहिया निवासी बीएसएफ जवान के क्रेडिट कार्ड से अज्ञात व्यक्ति ने बिना जानकारी के 31 जनवरी को 82,897 रुपये का आईफोन 17 ऑनलाइन खरीद लिया। पीड़ित सुधीर सिंह की तहरीर पर चौरीचौरा पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुधीर सिंह ने पुलिस को बताया कि खरीदारी के लिए उनके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल किया गया, जबकि उन्होंने किसी व्यक्ति के साथ न तो ओटीपी और न ही सीवीवी साझा किया था। स्कैमर ने ऑनलाइन डिलीवरी की सुविधा का इस्तेमाल कर सामान मंगवाया। पीड़ित के मुताबिक, घटना की जानकारी होने के बाद उन्होंने उसी दिन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह पिछले 16 वर्षों से बीएसएफ में नियुक्त हैं। सीओ चौरीचौरा कुंदन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ऑनलाइन खरीदारी, क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल और डिलीवरी से जुड़े विवरण की जांच कर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।