फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शादी की खुशियां मातम में बदली: खौलते शीरे में गिरने से मासूम की दर्दनाक मौत, मंगल गीतों के बीच पसरा मातम

Mon, 11 May 2026 01:09 PM IST
Rohit Singh अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर

सार

बांसगांव के वार्ड संख्या-4 दोनखर में खौलते चीनी के शीरे में गिरकर तीन वर्षीय अदिति की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। बताया जा रहा है कि जब हादसा हुआ तब महिलाएं शादी के गीत गा रही थीं। अचानक हादसे की जानकारी मिली तो चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में लोग मासूम को अस्पताल ले गए लेकिन उसकी मौत हो गई। उधर, मासूम की मौत से शादी वाले घर में भी मातम पसर गया है।
विज्ञापन
मृत मासूम की फाइल फोटो - फोटो : स्त्रोत- एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नगर पंचायत बांसगांव के वार्ड संख्या-4 दोनखर में शनिवार शाम शादी समारोह की तैयारियों के बीच भगौने में खौलते चीनी के शीरे में गिरकर तीन वर्षीय मासूम अदिति की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या-4 निवासी सुरेश यादव के घर 12 मई को शादी समारोह है। विवाह कार्यक्रम के लिए मिठाई और भोजन बनाने का जिम्मा राजेंद्र गुप्ता और उनकी हलवाई टीम को दिया गया था।

विज्ञापन


शनिवार शाम शादी की तैयारियां चल रहीं थीं। मेहमानों के लिए लालमोहन बनाने के लिए बड़े भगौने में चीनी का शीरा तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान गांव के अभिषेक गुप्ता की तीन वर्षीय पुत्री अदिति खेलते-खेलते वहां पहुंच गई और अचानक खौलते शीरे से भरे भगौने में गिर पड़ी। यह देख परिजन और हलवाई टीम के लोग चीख-पुकार करते हुए बच्ची को बचाने में जुट गए।

आनन-फानन में उसे भगौने से बाहर निकाला गया। इस दौरान बच्ची को बचाने की कोशिश में कुछ लोगों के हाथ भी झुलस गए। गंभीर रूप से झुलसी अदिति को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसगांव ले जाया गया।

वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।

शादी के गीत गा रहीं थीं महिलाएं, हादसे पर मच गई चीख-पुकार
वार्ड संख्या-4 दोनखर में खौलते चीनी के शीरे में गिरकर तीन वर्षीय अदिति की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। बताया जा रहा है कि जब हादसा हुआ तब महिलाएं शादी के गीत गा रही थीं। अचानक हादसे की जानकारी मिली तो चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में लोग मासूम को अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी मौत हो गई।

उधर, मासूम की मौत से शादी वाले घर में भी मातम पसर गया है। दोनखर में 12 मई को होने वाली शादी को लेकर घर में कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदारों का आना-जाना शुरू हो चुका था। घर के आंगन में हलवाई मिठाइयां बनाने में जुटे थे और महिलाएं शादी के गीत गा रही थीं। इसी बीच अचानक हुए हादसे ने पूरे माहौल को गम में बदल दिया।
विज्ञापन

गांव की मासूम अदिति की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। उसकी मां अंजली गुप्ता बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बेटी को याद कर बेसुध हो जा रही हैं। परिजन और महिलाएं उन्हें संभालने में जुटी रहीं। पिता अभिषेक गुप्ता का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

घर के अन्य सदस्य और रिश्तेदार इस घटना से सदमे में हैं। मोहल्ले के लोगों के मुताबिक, अदिति बेहद चंचल और सबकी दुलारी थी। उसकी मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। शादी की तैयारियों में जुटे लोग अब गमगीन माहौल में एक-दूसरे को ढांढस बंधाते नजर आ रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें