- 11 नामजद समेत अज्ञात पर हत्या की कोशिश की प्राथमिकी दर्ज, पांच आरोपी गिरफ्तार
- लाठी-डंडा व धारदार हथियार से हमला, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई रिपोर्ट
गुलरिहा। थाना क्षेत्र के नरायनपुर में सोमवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर पट्टीदारों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान लाठी-डंडा और धारदार हथियार से हुए हमले में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 11 नामजद समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट, धमकी और हत्या की कोशिश की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मंगलवार को कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया जहां उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, नरायनपुर टोला मोहम्मदपुर निवासी कोइल निषाद ने आरोप लगाया कि छह अप्रैल की शाम पुरानी रंजिश के चलते पट्टीदार झम्मन, भुआल, विशाल, नाटे, सुनील समेत अन्य लोग लाठी-डंडा और लोहे की रॉड लेकर गाली-गलौज करते हुए उनके ऊपर हमला कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे आदित्य, भतीजे अमरनाथ, भाभी रश्मि और बहन गुड्डी देवी को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया।
वहीं दूसरे पक्ष की इंद्रावती का आरोप है कि उसी दिन शाम को कोइल, टासुल, सोनू, मोनू, अमरनाथ, आदित्य समेत अन्य लोग उनके घर पहुंचे और विशाल व मुरती देवी पर लाठी-डंडों तथा धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना के बाद सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मामले में थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कार्रवाई करते हुए सुनील, अविनाश, कोइल, अमरनाथ और टासुल निषाद को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।