जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने की बात कहकर हॉस्टल से निकला इंजीनियरिंग का छात्र लापता हो गया। कई दिन बीतने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगने पर परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। सोमवार को देवरिया से पहुंचे परिजनों ने एसपी उत्तरी से मुलाकात कर छात्र की जल्द खोजबीन की गुहार लगाई।
इसके बाद पुलिस की टीम सर्विलांस की मदद से छात्र की तलाश में जुट गई है। देवरिया के गौरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित जोगम गांव निवासी विकास सिंह गीडा क्षेत्र के एक निजी कॉलेज में इंजीनियरिंग का छात्र है। परिजनों के अनुसार, चार दिसंबर की रात करीब नौ बजे विकास अपने दोस्त को जन्मदिन की पार्टी में जाने की बात बताकर हॉस्टल के कमरे से निकला था।
इसके बाद से वह नहीं लौटा। उसी रात से उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। विकास के लापता होने की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली। कॉलेज और हॉस्टल के आसपास भी खोजबीन की गई पर कुछ पता नहीं चला।
सीसीटीवी कैमरों की जांच में विकास को कमरे से बाहर जाते हुए देखा गया, लेकिन उसके बाद की गतिविधियों का कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिल सके। गीडा थाना पुलिस ने छात्र के सहपाठियों और परिचितों से पूछताछ शुरू कर दी है। इस संबंध में एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि विकास के मोबाइल की अंतिम लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।