दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में महंत दिग्विजयनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन की स्थापना की जाएगी। इसका उद्देश्य पत्रकारिता, विज्ञापन, जनसंपर्क एवं फिल्म निर्माण जैसे क्षेत्रों के लिए विद्यार्थियों को ज्ञान, कौशल और व्यावसायिक दृष्टिकोण प्रदान करना है।
इस संस्थान में अत्याधुनिक कक्षाओं के साथ एक उन्नत एवं आधुनिक मल्टीमीडिया स्टूडियो की स्थापना की जाएगी, जो इस क्षेत्र में अपनी तरह का अग्रणी स्टूडियो होगा। यह स्टूडियो छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण और पेशेवर अनुभव प्रदान करने के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा।
विद्यार्थियों, शोधार्थियों, अध्यापक एवं पेशेवर पत्रकारों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा। यह संस्थान टीवी, मोबाइल एवं वेब जर्नलिज्म, पब्लिक रिलेशन, एडवरटाइजिंग और फिल्म प्रोडक्शन के क्षेत्रों में सैद्धांतिक के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेगा।
बदलते मीडिया परिदृश्य के अनुरूप संस्थान का लक्ष्य जर्नलिज्म, मास कम्युनिकेशन, फिल्म मेकिंग, एडवरटाइजिंग एवं पब्लिक रिलेशंस के क्षेत्रों में दक्ष एवं प्रशिक्षित पेशेवरों की नई पीढ़ी तैयार करना है। यह संस्थान पूर्वी उत्तर प्रदेश का एकमात्र ऐसा शैक्षणिक केंद्र होगा, जहां इन सभी विषयों से संबंधित अध्ययन कार्यक्रम एक ही मंच पर उपलब्ध होंगे।
यह कोर्स होंगे संचालित
संस्थान में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन एडवरटाइजिंग एंड पब्लिक रिलेशन, पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन फिल्म प्रोडक्शन एवं पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन न्यू मीडिया जैसे दो-दो सेमेस्टर अवधि के व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
मीडिया और संचार के इस युग में ऐसे संस्थानों की अत्यंत आवश्यकता है जो विद्यार्थियों को व्यावहारिक और तकनीकी रूप से सक्षम बना सकें। महंत दिग्विजयनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक दक्षता प्रदान करेगा:
प्रो. पूनम टंडन, कुलपति, डीडीयू