- सड़क हादसों में जनहानि रोकने के लिए चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
- ओवरस्पीडिंग, नशे में ड्राइविंग और मोबाइल के इस्तेमाल पर रहेगी नजर
गोरखपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और हादसों में होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से सोमवार को यातायात सुरक्षा माह-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एस चनप्पा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने अभियान की शुरुआत करते हुए वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे चालकों को हेलमेट पहनाकर सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में गाड़ी चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और यातायात संकेतों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से भी वाहन चालकों को तेज गति से वाहन चलाने के खतरों के बारे में बताया गया। उन्हें निर्धारित गति सीमा का पालन करने और ओवरस्पीडिंग से बचने की सलाह दी गई।
पुलिस का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ ही सड़क हादसों में कमी लाना है। यातायात सुरक्षा माह के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने तथा अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील, पुलिस अधीक्षक यातायात अमित श्रीवास्तव, सहायक पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार एएस और यातायात पुलिस के कर्मचारी मौजूद रहे।