रेल यात्रियों को बृहस्पतिवार को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। करीब आधा दर्जन ट्रेनें देरी से पहुंची जिसके लिए यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। अमृतसर-दरभंगा समर स्पेशल 18 घंटे की देरी से गोरखपुर पहुंची।
बृहस्पतिवार को आम दिनों के मुकाबले स्टेशन पर भीड़ ज्यादा रही। बकरीद के बाद यात्री अपने कार्यक्षेत्र की ओर वापस जा रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच ट्रेन लेट होने से यात्री प्लेटफॉर्म पर परेशान दिखे। लुधियाना से आ रहे रमेश ने ट्रेन से उतरने के बाद राहत की सांस ली। उन्होंने बताया कि ट्रेन में भीड़ बहुत थी। ऊपर से यह लेट भी हो गई। जैसे-तैसे इसमें सफर कटा, गर्मी में बहुत परेशानी हो गई। समस्तीपुर जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे सुभाष ने बताया कि शाम से ही ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। यह धीरे-धीरे और ज्यादा लेट होती गई।
यह गाड़ियां भी रहीं लेट
मुख्य रूप से दरभंगा-दिल्ली स्पेशल 12 घंटे लेट, अमृतसर-सहरसा जनसाधारण पांच घंटे, अमृतसर-दरभंगा स्पेशल 18 घंटा, नई दिल्ली- न्यू जलपाईगुड़ी सुपरफास्ट 13 घंटा, चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस पांच घंटे, बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल पांच घंटे देरी से गोरखपुर पहुंची।
बाघ के लिए उमड़ी भीड़
हावड़ा जाने वाली बाघ एक्सप्रेस के लिए बृहस्पतिवार को प्लेटफॉर्म नंबर दो पर भारी भीड़ देखने को मिली। ट्रेन जैसे ही प्लेटफॉर्म पर आई उसमें चढ़ने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। यह ट्रेन तीन घंटे देरी से भी आई। इसमें लोकल के साथ ही बिहार की तरफ जाने वाले यात्री शामिल रहे।