आजादी का अमृत महोत्सव एवं चौरी-चौरा शताब्दी वर्ष पर भारतेंदु नाट्य अकादमी, संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन की ओर से आयोजित पांच दिवसीय ‘आजादी का रंगोत्सव’ कार्यक्रम का शनिवार को समापन हो गया।
पांच दिवसीय आजादी का रंगोत्सव कार्यक्रम के समापन समारोह में शनिवार को योगिराज बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षागृह शहीदों की याद में उत्तर प्रदेश के 75 जिलों से आई मिट्टी में रुद्राक्ष का पौधा लगाया गया। इस अवसर पर पद्मश्री मालिनी अवस्थी, मुख्य विकास अधिकारी इंद्रजीत सिंह, उप निदेशक बौद्ध संग्रहालय डॉ. मनोज गौतम, रमेश गुप्ता, प्रिवेंद्र सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
सांसद रवि किशन ने आजादी का रंगोत्सव कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश के कलाकारों को प्रेक्षागृह की सौगात मिली है। वहीं, अब हिंदी और भोजपुरी फिल्मी दुनिया की हस्तियों को बाबा गोरक्षनाथ की धरती पर आकर अभिनय का अवसर मिला है।
रंगोत्सव के अंतर्गत गोरखपुर विश्वविद्यालय में आयोजित ‘निबंध लेखन प्रतियोगिता’ का परिणाम रंगोत्सव के समापन अवसर पर घोषित किया गया। प्रतियोगिता में 51 प्रतिभागियों ने भागीदारी की। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार अंशिका तिवारी, द्वितीय पुरस्कार अन्नू निषाद व प्रियांशु कुमार गुप्ता, तृतीय पुरस्कार आशुतोष चतुर्वेदी व सुश्री नेहा चौधरी ने प्राप्त किया। विजेताओं को नकद पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।