मेडिकल कॉलेज में सीज की गई प्राइवेट एंबुलेंस।
गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से मरीज को चोरी से प्राइवेट नर्सिंग होम में शिफ्ट करने का मामला शनिवार की आधी रात फिर सामने आया। रात के अंधेरे में तीमारदार को बरगलाकर एक कर्मचारी ने मरीज को प्राइवेट नर्सिंग होम में ले जाने के लिए तैयार कर लिया था, लेकिन तभी इसकी भनक पुलिस को लग गई। रात 12 बजे के करीब इमरजेंसी के सामने प्राइवेट एंबुलेंस को चालक सहित पकड़ लिया गया।
चालक से पूछताछ में मरीज की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने एंबुलेंस को सीज कर दिया है। खबर है कि एंबुलेंस पर अस्पताल का नाम भी नहीं लिखा था। पुलिस ने जांच तेज कर दी है। हालांकि, चालक की कोई भूमिका सामने नहीं आने पर उसे 20 हजार के निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मरीज-एंबुलेंस माफिया पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। कुछ दिन पहले तीन एंबुलेंस सहित पांच वाहनों को पुलिस ने सीज किया था। शनिवार रात मेडिकल कॉलेज चौकी प्रभारी विवेक मिश्रा को सूचना मिली कि एक प्राइवेट एंबुलेंस मेडिकल कॉलेज में है, मरीज की सौदेबाजी चल रही है। बिहार के मरीज को बेहतर इलाज का झांसा देकर प्राइवेट नर्सिंग होम में शिफ्ट किया जाना है।
इसे भी पढ़ें: पूजन-अर्चन कर भक्तों ने भगवान शिव को किया प्रसन्न, हर-हर महादेव से गूंजे शिवालय