किसान सम्मान दिवस पर अमर उजाला ने शुक्रवार को जिले के प्रगतिशील किसानों को स्मृति चिह्न व शॉल देकर सम्मानित किया। प्रेस क्लब में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर आयोजित समारोह में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसान सम्मानित हुए। इस दौरान विशेषज्ञों ने ‘जिले के किसानों के समक्ष संभावनाएं एवं चुनौतियों’ विषय पर परिचर्चा के दौरान सरकार की विभिन्न योजनाओं के अलावा खेती-किसानी संबंधी जानकारियां दीं।
जिला कृषि अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की योजना के तहत जिले में 5.59 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि दी जा रही है। लेकिन, केवाईसी नहीं कराने से बहुत से किसानों की सम्मान निधि नहीं आ रही है। ऐसे में किसान जल्द केवाईसी करा लें।
दूसरी भूमि जोत की समस्या है। बहुत से लेखपालों ने कई किसानों की भूमि को राजस्व के अभिलेख में दर्ज नहीं किया है। इसके अलावा जनपद में एक नाम के दो गांव भी हैं। इससे भी समस्या आई है। इसके लिए तहसील या उप निदेशक कार्यालय से संपर्क कर उसे ठीक करा सकते हैं।
इस दौरान उन्होंने फसल बीमा के अलावा कृषि यंत्रों के संबंध में सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी की भी जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि कृषि विज्ञान केंद्र चौक माफी के प्रभारी एवं कृषि वैज्ञानिक डॉ. विवेक प्रताप सिंह ने कहा कि खेती संबंधी कोई समस्या है तो किसान उनके केंद्र पर आएं, उसका समाधान किया जाएगा। बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र पर युवक युवतियों को रोजगार संबंधी विभिन्न प्रशिक्षण दिए जाते हैं।
इन किसानों को किया गया सम्मानित
मनीष पांडेय, घनश्याम पांडेय, राजेंद्र यादव, ज्ञानेंद्र, रघवंत कुमार, हरिवंश, राजेश कुमार, राणा प्रताप, श्याम गौड़, रामवृक्ष, दयाशंकर राय, पन्नेलाल, सत्यदेव तिवारी, रामानुज राय, रमेश मौर्य, राम निवास सिंह, नरेंद्र प्रताप सिंह, हरगोविंद सिंह, रामाशीष राय।