अमर उजाला फाउंडेशन के ‘अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स’ मुहिम और पतंजलि के संयुक्त तत्वावधान में योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन रविवार को विंध्यवासिनी पार्क में किया गया। जहां पतंजलि के योग प्रशिक्षकों ने लोगों को प्राणायाम से निरोगी काया हासिल करने का गुरुमंत्र दिया। एक घंटे तक चले शिविर के दौरान प्रशिक्षुओं को विभिन्न आसनों के सही तरीके और उससे होने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी गई।
पतंजलि योग समिति, भारत स्वाभिमान न्यास, महिला पतंजलि योग समिति, युवा भारत और किसान पंचायत संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कपाल भारती, अनुलोम विलोम, ब्राह्य प्रणायाम, गोमुख आसन, अर्द्धचंद्रासन, सूर्य नमस्कार, नाड़ी शोधन, भ्रामरी प्राणायाम सरीखे अन्य आसनों का प्रशिक्षण दिया गया। भारत स्वाभिमान न्यास के प्रभारी हरिनारायण धर दुबे ने कहा कि निरोगी शरीर के लिए योग बेहद जरूरी है। योग करने से व्यक्ति संस्कारवान बनता है। पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी डॉ. अनिल ने कहा कि योग हर बीमारी का उपचार है। इसे लेकर पतंजलि की ओर मुहिम शुरू की गई है जिसे धीरे-धीरे लोग अपना रहे हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मंडल प्रभारी राजेंद्र प्रसाद यादव, युवा भारत के प्रभारी जितेंद्र शुक्ला, महिला पतंजलि की जिला प्रभारी ममता श्रीवास्तव, काजल, रागिनी चौधरी, लता, आराधना श्रीवास्तव, मधु चावला, लीला यादव, मीनाक्षी शर्मा, डॉ. देंवेद्र पटेल, अखिलेश त्रिपाठी, राजेश श्रीवास्तव, प्रशांत शर्मा, हर्ष साहनी, अनिल चावला, प्रेमचंद राय, संध्या, रंजीत, राजन आदि ने अहम भूमिका निभाई।
महिला गरिमा के सम्मान की ली शपथ
प्रशिक्षण शिविर के दौरान प्रशिक्षुओं ने नारी गरिमा के सम्मान का संकल्प लेने के साथ ही शपथ पत्र भरा। इसके बारे में घर परिवार के साथ साथ समाज के लोगों को भी जागरूक करने का आश्वासन दिया।