- गोल्डन जुबिली, सिल्वर जुबिली व डिकेड बैच के छात्र होंगे शामिल
- 1975 बैच के 50 छात्र सपरिवार पहुंचे गोरखपुर, एक दूसरे से मिलकर हुए भावुक
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में पुरातन छात्र सम्मेलन 15 और 16 नवंबर को होगा। इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसमें गोल्डन जुबिली (1975), सिल्वर जुबिली (2000) व डिकेड बैच (2015) के छात्र प्रतिभाग करेंगे।
मालवीय एलुमनी एसोसिएशन (मा) के अध्यक्ष जेबी राय व सचिव प्रो. वीके द्विवेदी ने बताया कि शनिवार को सुबह 10 बजे शुभारंभ होगा। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार मुख्य अतिथि होंगे। एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड के सीईओ अखिलेश दीक्षित विशिष्ट अतिथि होंगे। ये दोनों ही अतिथि एमएमएमयूटी के पुरातन छात्र हैं। इसमें 1966 से 1975 के बीच पासआउट हुए करीब 20 छात्र भी शामिल होंगे।
मीट में लगभग 300 पुरातन छात्रों के जुटने की संभावना है। कई पुरातन छात्रों ने छात्रावासों में रहने की इच्छा जताई है। इसे देखते हुए टैगोर छात्रावास में 20 पुरातन छात्रों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। सेवानिवृत्त हो चुके 15 शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले छह पुरातन छात्रों को विशिष्ट सम्मान प्रदान किया जाएगा।
गोल्डन जुबिली बैच का प्रतिनिधित्व कर रहे विंग कमांडर गुरमीत सिंह संधु ने बताया कि उनके बैच के 50 लोग सपरिवार इस सम्मेलन में शामिल हो रहे हैं। विश्वविद्यालय में पहली बार एल्युमिनी मीट में गोल्डन जुबिली बैच के इतने छात्र एक सााथ शामिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि ये सभी लोग गोरखपुर पहुंच चुके हैं। गोल्डन जुबिली बैच के छात्रों ने शुक्रवार को नौकायन समेत विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर अपनी यादें ताजा की। वे एक दूसरे से लंबे समय बाद मिलकर भावुक भी हो गए।