जगतबेला। चिलुआताल थाना क्षेत्र के सिहोरवा गांव में कहासुनी के बाद मारपीट में रामनिवास यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि तीन लोगों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनका सिर फट गया। वह मौके पर ही बेहोश हो गए। उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
रामनिवास की बेटी सुमन यादव ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 27 अक्तूबर की शाम करीब पांच बजे उनके पिता गांव में जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गांव के तीन लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विरोध पर तीनों ने मिलकर उनके पिता के साथ मारपीट की। इससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और वह बेहोश हो गए। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। सुमन ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। चिलुआताल थाना प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।