गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में एक जून से 10 जुलाई तक समर इंटर्नशिप कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। छह हफ्ते के इस प्रोग्राम में एआई, आईओटी, ड्रोन, रोबोटिक्स 3डी प्रिंटिंग व एनसिस मॉडलिंग एंड सिमुलेशन पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए आवेदन की तिथि 25 मई तक बढ़ा दी गई है।
एमएमएमयूटी के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग की ओर से शुरू किए जा रहे इंटर्नशिप प्राेग्राम में विश्वविद्यालय के साथ ही बाहरी छात्र-छात्राएं भी प्रतिभाग कर सकेंगे। इसके लिए डिप्लोमा, बीटेक, एमटेक, एमएससी के विद्यार्थी और पीएचडी के शोधार्थी अर्ह होंगे।
इंटर्नशिप प्रोग्राम के समन्वयक डॉ. राजकुमार सिंह व डॉ. श्वेता यादव ने बताया कि एआई, आईओटी, ड्रोन, रोबोटिक्स और 3डी जैसे कोर्स समय की मांग हैं। गर्मी की छुट्टियों में विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकेंगे। वर्तमान और भविष्य की जरूरतों के हिसाब से विद्यार्थी कोई एक विषय चुन सकेंगे। प्रोग्राम के दौरान 75 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करानी होगी। एक प्रोजेक्ट भी विद्यार्थियों को बनाना होगा। समापन अवसर पर विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। हर विधा में बेस्ट प्रोजेक्ट बनाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।